संत इग्नासियुस में 600 छात्रों ने एक साथ किया योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय गुमला में प्रधानाध्यापक मनोहर कुमार खोया के मार्गदर्शन में वृहद स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक बिंदेश्वर कुमार एवं राजेश कुमार राय ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम एवं ग्रीवा संचालन से हुई. इसके बाद विद्यार्थियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, हस्तपादासन, अर्द्ध चक्रासन, अर्द्ध उष्ट्रासन, पश्चिमोत्तासन, उत्तानपादासन, मकरासन, शवासन, अर्द्ध हलासन, हलासन, नौकासन, पवनमुक्तासन सहित सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया. इस योगाभ्यास में विद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थी शामिल रहे. मौके पर प्रधानाध्यापक फादर मनोहर कुमार खोया ने विद्यार्थियों को योग की महत्ता से अवगत कराया.
उन्होंने कहा कि वे छात्र जीवन से ही योग का अभ्यास करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम स्वस्थ आयु के लिए योग है. योग का वास्तविक लाभ तभी प्राप्त होगा, जब इसे सही विधि से और नियमित रूप से जीवन का हिस्सा बनाया जाये. उन्होंने विद्यार्थियों से एवं शिक्षकों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया. शिक्षक राजेश कुमार राय ने विभिन्न आसनों का प्रदर्शन करते हुए उनके लाभों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है. मुख्य योग प्रशिक्षक बिंदेश्वर कुमार ने विभिन्न प्रकार के योगासनों का प्रदर्शन करते हुए उन्हें करने के सही तरीके के बारे में बताया. मौके पर फादर प्रफुल्ल एक्का, शिक्षक हीरालाल नाग, अरविंद केरकेट्टा, कपिल एक्का, विक्रम प्रसाद साहू, श्याम सुंदर ठाकुर, नेम्हा रेणुका मिंज, पूनम टोप्पो, रश्मि प्रभा प्रसाद, सीमा एक्का सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.
