गुमला

मध्याह्न भोजन बनाने के दौरान गर्म दाल से झुलसी रसोइया, इलाज के लिए विभाग से लगाई मदद की गुहार

गुमला के चैनपुर प्रखंड स्थित बालिका मध्य विद्यालय चैनपुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने के दौरान गर्म दाल गिरने से रसोइया प्रबिला खेस झुलस गयी. घटना 12 अगस्त 2026 की है. हादसे के बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं और अन्य लोगों ने तत्काल उनकी मदद की. लेकिन अब इलाज का खर्च उठाने में परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. विद्यालय रसोइया-संयोजिका अध्यक्ष संघ ने प्रबिला खेस के इलाज में विभाग या सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है. संघ की प्रखंड अध्यक्ष बासमती देवी और जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने भी अपनी ओर से आर्थिक सहयोग किया है. संगठन की ओर से बताया गया कि प्रबिला के पति का निधन हो चुका है और उनकी तीन छोटी बेटियां हैं. ऐसे में परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना बेहद मुश्किल है.

संघ की जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त को घटना की तस्वीर और वीडियो भेजे गये हैं. विभाग की ओर से लिखित आवेदन मांगा जाता है तो वह भी उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि रसोइया रोजाना गैस और आग के बीच काम करती हैं, इसलिए इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है. उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की कि प्रबिला खेस के इलाज में होने वाला पूरा खर्च वहन किया जाये. ताकि आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज प्रभावित न हो. संगठन ने पीड़ित रसोइया के परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है. इधर झुलसे के बाद स्कूल परिवार ने कुछ आर्थिक मदद की. परंतु अधिक जलने के कारण इलाज में और पैसों की जरूरत है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *