गुमला

Video : फांसी में लटका…पत्नी ने बताया कैसे मारा गया यूपी के ईंट भट्ठे में उसके पति को

गुमला के सिसई थाना क्षेत्र के पिलखी मोड़ निवासी प्रवासी मजदूर सुधेश्वर उरांव की उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. मृतक की पत्नी अंजनी कुमारी ने भट्ठा मालिक, मुंशी, सरदार और सरदारिन के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने, शव छिपाने तथा उन्हें और उनके दो छोटे बच्चों को कमरे में बंद रखने का आरोप लगाया है.

लिखित आवेदन के अनुसार, सुधेश्वर उरांव अक्टूबर 2025 में पत्नी और दो बच्चों के साथ कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र स्थित पढ़री बनचरा गांव के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करने गये थे. आरोप है कि 23 जून 2026 को बकाया मजदूरी मांगने पर उनके साथ मारपीट की गयी. पत्नी का दावा है कि बीच-बचाव करने पर उसे बच्चों सहित कमरे में बंद कर दिया गया.

बाद में बताया गया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है, जबकि उसका आरोप है कि हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटकाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया और बाद में शव को कहीं छिपा दिया गया. मामले को गंभीर मानते हुए मजदूर संघ सीएफटीयूआइ के जिला अध्यक्ष कृष्णा कुमार वर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान ने परिजनों को गुमला बुलाकर पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त और सिसई थाना में आवेदन दिलाया है.

संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल मामले में जांच और परिजनों के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *