गुमला

Gumla : गुमला में शादी समारोह में मटन खाने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट

Gumla : गुमला सदर थाना के पंडरिया गांव में शादी समारोह के दौरान खस्सी के ‘सतबरवा’ (मांस के हिस्से) को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे की बतायी जा रही है. मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है. पहले पक्ष के विजेंद्र साहू ने आरोप लगाया है कि गांव में चल रहे विवाह समारोह के दौरान हुई मारपीट के दौरान वह बीच-बचाव करने गया था. तभी सिकंदर साहू, जितेंद्र साहू, सुकेंद्र साहू सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि लोहे की रॉड व धारदार हथियार से उनके सिर पर वार किया गया. जिससे उनका सिर फट गया और उन्हें गंभीर चोट आयी है.

उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया. जहां सिर पर 8 से 10 टांके लगे. साथ ही उनकी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की और मंगलसूत्र छीनने का भी आरोप लगाया गया है. वहीं दूसरे पक्ष के सिकंदर साहू ने भी थाना में दर्ज कराये गये प्राथमिकी में बताया है कि वह शादी में खस्सी (बकरा) बनाने का काम कर रहा था. खस्सी तैयार होने के बाद उसका ‘सतबरवा’ गांव के कुछ बुजुर्ग लोग ले जाकर पका कर खा गये. इसी बात को लेकर विजेंद्र साहू आक्रोशित हो गया और उसने कलछुल से हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *