गुमला : अंजुमन इस्लामिया चुनाव का विवाद पहुंचा सिविल कोर्ट, 16 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
13 सितंबर 2026 को प्रस्तावित अंजुमन इस्लामिया के चुनाव को लेकर विवाद अब सिविल कोर्ट पहुंच गया है. अंजुमन इस्लामिया के वर्तमान सदर मुशाहिद आजमी और सेक्रेटरी मकसूद आलम ने सिविल जज सीनियर डिवीजन-वन की अदालत में मामला दायर किया है. इसमें विविध वाद संख्या 60/2026 और मूल वाद संख्या 63/2026 शामिल है. मामले में खलील अशरफी, मुर्शीद हनीफ और इरफान अली को विपक्षी बनाया गया है.
सुनवाई के दौरान वर्तमान अंजुमन इस्लामिया की ओर से गुमला सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने अपना पक्ष रखा. अदालत ने पेश किए गए दस्तावेजों और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद वाद को स्वीकार कर लिया. अदालत ने तीनों विपक्षियों को तत्काल नोटिस जारी किया है. मामले में अगली सुनवाई 16 सितंबर को होगी. चुनाव को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब सभी की नजर अदालत की अगली सुनवाई पर है.
अदालत ने तीनों विपक्षियों को तत्काल नोटिस जारी किया है. मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर 2026 की तारीख तय की गयी है. अंजुमन इस्लामिया के वर्तमान सदर मुशाहिद आजमी और सेक्रेटरी मकसूद आलम ने कहा कि वर्तमान अंजुमन अवाम के साथ है और उनकी आवाज पर कभी भी चुनाव कराने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि वर्तमान अंजुमन का कार्यकाल पांच वर्ष का है, जो पंचायत की सहमति से तय हुआ था. चुनाव कराने की जिम्मेदारी वर्तमान अंजुमन की है और चुनाव संवैधानिक तरीके से कराया जाएगा.
दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव की घोषणा से समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति बन रही है. इससे अवाम भी असमंजस में है. उन्होंने कहा कि वर्तमान अंजुमन का मुख्य उद्देश्य समाज को जोड़कर रखना है. सदर और सेक्रेटरी ने समाज के लोगों से अपील की कि कौम के हित में किसी के बहकावे में न आएं और धैर्य बनाए रखें. उन्होंने कहा कि मामला अब न्यायालय में पहुंच चुका है. आगे की कार्रवाई संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही की जाएगी.
