गुमला

जर्जर पीएम आवास गिरने से बुजुर्ग की मलबे में दबकर मौत

गुमला जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत खेतली पंचायत के बरटोली गांव में मंगलवार की देर रात कुदरत का कहर देखने को मिला. मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के बीच एक जर्जर प्रधानमंत्री आवास अचानक जमींदोज हो गया, जिसकी चपेट में आने से 72 वर्षीय भोवा झोरा की मलबे में दबकर मौत हो गयी. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है जब तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही थी, इसी दौरान गांव में स्थित जर्जर प्रधानमंत्री आवास अचानक भरभरा कर गिर पड़ा. उस समय भोवा झोरा घर के अंदर सो रहे थे और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. मकान गिरते ही वे भारी मलबे के नीचे दब गये. तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया जवाहर कवर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया.

उन्होंने बताया कि मृतक के पास एक पुराना कच्चा मकान भी है जो पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन सरकार द्वारा मिला इंदिरा आवास काफी समय से जर्जर स्थिति में था, जिसके ढहने से यह बड़ा हादसा हुआ. मुखिया ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिये उचित मुआवजे और एक नये सुरक्षित आवास की मांग की है. इस हादसे के बाद से बरटोली गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीणों में जर्जर आवासों की मरम्मत न होने को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन इन जर्जर निर्माणों की सुध लेता, तो शायद आज एक बेगुनाह की जान बचायी जा सकती थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *