बिजली विभाग ने भाजपा को धरना देने से रोका, भाजपाईयों ने एनएच सड़क के किनारे बैठकर विभाग के खिलाफ हल्ला बोला
गुमला में शुक्रवार को बिजली विभाग ने भाजपा को धरना देने से रोका तो भाजपाईयों ने उग्र रूप अपना लिया. इसके बाद भाजपाई गुमला शहर के जशपुर रोड स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर एनएच सड़क के किनारे बैठकर विभाग के खिलाफ हल्ला बोला और धरना प्रदर्शन किया. भाजपा ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही गुमला विद्युत विभाग के अभियंताओं को जनता के हित में काम नहीं करने व भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया.
हालांकि, धरना प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने विभाग के इंजीनियर से उनके कार्यालय में मिले और बिजली समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपा. गुमला भाजपा द्वारा विद्युत अधीक्षण अभियंता के कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के वरीय उपाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल सत्ता ने किया. उन्होंने कहा कि यह पार्टी द्वारा निर्देशित राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम है जो आज प्रदेश के सभी जिलों में किया जा रहा है. जिला सचिव संदीप प्रसाद ने कहा कि धरना प्रदर्शन के लिए बिजली विभाग परिसर में शमियाना लगाया गया. लेकिन वहां हमें धरना देने से रोक दिया गया. मजबूरी में एनएच सड़क के किनारे पेड़ के नीचे धरना दिये.
बिजली विभाग अपने कार्यशैली में सुधार लाये : मुनेश्वर
मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू ने चेताया कि विद्युत विभाग के पदाधिकारी और कर्मी अपने कार्यशैली में सुधार लाएं तथा बिजली की अनावश्यक कटौती न करें. स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का सरकार जिस प्रकार दोहन कर रही है. उसे अविलंब ठीक किया जाये. नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने कहा कि गर्मी का समय आ चुका है. शहरी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की निर्बाध आपूर्ति करें. ताकि आम जनता को राहत मिल सके. हेमंत सरकार में अफसरशाही चरम पर है. जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. कार्यक्रम को निर्मल गोयल, विनोद प्रसाद, भैरव सिंह खेरवार, गौरी किंडो, यशवंत सिंह, हरिहर साहू, देवेंद्रलाल उरांव, कौशलेंद्र जमुवार ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सुरेश सिंह और संदीप प्रसाद ने किया. धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री विजय सिंह पिंटू ने किया. मौके पर विकास सिंह, श्रवण साहू, सोनमणि देवी, शंभू नायक, रमेश राम, सुसित गोस्वामी, रूपा केसरी, गुड्डी नंदा, भिखेश्वर नागमणि सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
