गुमला

गुमला में देवर पर दुष्कर्म करने का आरोप, केस दर्ज

गुमला में एक महिला ने अपने ही देवर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा पति व ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने थाने में दिये आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में रवि रंजन के साथ प्रेम प्रसंग के आधार पर हुई थी. अलग-अलग धर्म होने के कारण ससुराल पक्ष शुरू से ही इस विवाह से नाराज थे. शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा.

आरोप है कि जेठ, सास द्वारा पति को उकसाकर पांच लाख रुपये और एक बाइक की मांग की गयी. उसका पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करता था. वर्ष 2025 दिसंबर में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया. जिसके बाद वह गुमला में किराये के मकान में रहने लगी. इसी दौरान उसका देवर उसके संपर्क में आया और मदद का भरोसा दिलाया. आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और करीब दो महीने तक उसके साथ रहा.

बाद में उसने संबंध से इंकार कर दिया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब वह ससुराल गयी तो उसके साथ फिर मारपीट कर घर से भगा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गयी. साथ ही, ससुराल वालों पर उसके मायके पहुंचकर गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया है. मामले में पुलिस ने पति, देवर तथा जेठ सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *