गुमला

भरनो में हाथियों का आतंक, रतजगा करने को विवश लोग

गुमला जिला के भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. आये दिन हाथियों के गांवों में घुसने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. हाथियों ने प्रखंड के जतरागढ़ी और सुपा टंगराटोली गांव में जमकर उत्पात मचाया. जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. जानकारी के अनुसार जतरागढ़ी गांव निवासी झिरगा उरांव के मिट्टी के घर को जंगली हाथी ने देर रात क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी ने घर की दीवार और छप्पर को तोड़ते हुए अंदर रखे कई जरूरी सामानों को भी नुकसान पहुंचाया. घटना के दौरान परिवार के लोग किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकले.

वहीं दूसरी घटना सुपा टंगराटोली गांव में हुई. जहां हाथी ने कच्चू उरांव के मिट्टी के घर को भी नुकसान पहुंचाया. हाथी ने घर में घुसकर लगभग पांच क्विंटल धान खा लिया तथा काफी मात्रा में धान को बिखेरकर बर्बाद कर दिया. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है. जिससे लोग दहशत में रात गुजारने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के डर से लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं. इधर घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग गुमला एवं वन विभाग बसिया की क्यूआरटी टीम वनरक्षी अकील अहमद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची.

टीम ने सुपा महुवाटोली गांव के पास स्थित पतरा क्षेत्र में डेरा जमाए हाथी को खदेड़कर जंगल की ओर भेज दिया. वन विभाग की टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली तथा क्षति का आकलन किया. वनरक्षी अकील अहमद ने ग्रामीणों को विभाग की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *