गुमला

घाघरा : टूटे बिजली तार ने ली किसान की जान, गुस्साए ग्रामीणों ने दो घंटे जाम रखा रांची-नेतरहाट मार्ग, देखें Video

गुमला के घाघरा प्रखंड स्थित तारागुटु निवासी लगभग 27 वर्षीय किसान वीरेंद्र उरांव की खेत में काम करने के दौरान बिजली के स्टेक तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के संबंध में बताया गया कि बीरेंद्र शुक्रवार को धान रोपनी से पूर्व खेत की मेढ़ बनाने गया हुआ था. वहीं पिछले एक साल से टूटा पड़ा बिजली का स्टेक तार पड़ा हुआ था, जिसकी चपेट में वह आ गया.

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित चांदनी चौक को दोपहर करीब 12 बजे जाम कर दिया. इसके कारण नेतरहाट, गुमला, लोहरदगा और रांची मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि चंद्रदेव उरांव और भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी ने इसे बिजली विभाग की घोर लापरवाही बताया.

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत किये जाने के बावजूद एक साल से टूटे तार को ठीक नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और सरकारी प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद दोपहर लगभग दो बजे सड़क जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *