Video : आप चारों ओर से घिर चुके हैं, जेजेएमपी सबजोनल कमांडर को पुलिस ने ऐसे दबोचा
Video : घना जंगल… चारों तरफ सन्नाटा और पुलिस की टीम के कदम लगातार आगे बढ़ रहे थे. डुमरी थाना क्षेत्र के ओरापाट जंगल में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसमें संगठन के पांच लाख रुपये के इनामी सबजोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादी पुलिस के शिकंजे में आ गए. पुलिस के मुताबिक, जेजेएमपी गुमला में फिर से अपना नेटवर्क खड़ा करने और संगठन का विस्तार करने की कोशिश में जुटा था. लेकिन पुलिस के अभियान ने जंगल में चल रही इस कथित साजिश पर ब्रेक लगा दिया. पांच लाख के इनामी कमांडर की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है.
17 अगस्त की सुबह पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली- जेजेएमपी का पांच लाख रुपये का इनामी सबजोनल कमांडर रामदेव लोहरा अपने साथियों के साथ डुमरी इलाके में संगठन को फिर से खड़ा करने की कोशिश में जुटा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए इसकी पुष्टि शुरू की. इनपुट सही पाए जाने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर के नेतृत्व में विशेष अभियान की रणनीति तैयार हुई. पुलिस टीम जंगल की ओर बढ़ी और ओरापाट के घने जंगल में घेराबंदी कर दी. चारों तरफ से रास्ते बंद होते ही रामदेव लोहरा और उसके तीन साथी पुलिस के जाल में फंस गए. टीम ने चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
चारों तरफ पुलिस का घेरा, भागने का रास्ता बंद
ओरापाट जंगल में अचानक पुलिस की मौजूदगी का अहसास होते ही उग्रवादियों के बीच हलचल मच गई. खुद को चारों तरफ से घिरा देख उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की. लेकिन पुलिस पहले ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर चुकी थी. पुलिस ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा, “आप चारों ओर से घिर चुके हैं, भागने की कोशिश मत करो.” इसके बाद पुलिस ने चारों को अपने कब्जे में ले लिया और गिरफ्तार कर लिया.
चार नाम, चार भूमिकाएं और पुलिस के शिकंजे में पूरा नेटवर्क
पुलिस के हत्थे चढ़े चारों उग्रवादियों की पहचान भी सामने आ गई है. इनमें लातेहार जिले के बिंगड़ा निवासी रामदेव लोहरा, लातेहार के कोने निवासी अरविंद नायक, लोहरदगा के किता मक्का निवासी मुनेश्वर सिंह और गुमला के उजरा निवासी जितेंद्र लोहरा शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, रामदेव लोहरा जेजेएमपी का सबजोनल सदस्य है और उसके सिर पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. वहीं, अरविंद नायक संगठन में एरिया कमांडर की भूमिका निभा रहा था. बाकी दोनों आरोपियों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है.
क्या मिला गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक एके-56 राइफल, एक एसएलआर राइफल, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, एक रेगुलर 7.65 एमएम पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कुल 146 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित जेजेएमपी/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर जेजेएमपी के अन्य सदस्यों, संगठन के पुनर्गठन और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है. पुलिस की इस कार्रवाई से जेजेएमपी के गुमला में दोबारा पैर पसारने की कोशिश को बड़ा झटका लगा है.
