गुमला

पालकोट : आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, सड़क पर मची चीख-पुकार; 9 लोग घायल

गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के बसिया रोड स्थित ढोलवीर गांव के समीप कांसा जाम मैदान के पास सोमवार को दो चारपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में रायडीह थाना क्षेत्र के लाटू आंबा टोली गांव निवासी एक ही वाहन में सवार आठ लोग घायल हो गए. वहीं दूसरे वाहन में सवार समाजसेवी भूषण सिंह को भी हल्की चोट लगी है. जानकारी के अनुसार, टेंगरिया गांव निवासी समाजसेवी भूषण सिंह अपनी जाइलो वाहन से टेंगरिया की ओर जा रहे थे. इसी दौरान लाटू आंबा टोली गांव के आठ लोग एक कार से आंगराबाड़ी में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे थे. कांसा जाम मैदान के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई.

दुर्घटना में कार चालक नंदकिशोर सिंह (40), कंथू सिंह (35), सुभ्रदा देवी (35), पूर्णिमा कुमारी (17), सुखमनी कुमारी (16) और चंद्रशेखर सिंह (9) सहित अन्य लोग घायल हुए हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पालकोट पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं. इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *