गुमला : जमीन विवाद को लेकर जीईएल और एनडब्ल्यू चर्च आये आमने-सामने
गुमला शहर के लोहरदगा रोड स्थित लुथेरान हाई स्कूल के समीप शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. जीईएल चर्च और एनडब्ल्यू चर्च के बीच जमीन को लेकर वर्ष 2003 से न्यायालय में विवाद लंबित बताया जाता है.
शुक्रवार, 25 सितंबर को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक टीम मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में जमीन पर दखल-दिहानी कराने पहुंची. कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद एनडब्ल्यू चर्च से जुड़े सैकड़ों लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. बताया गया कि इस मामले में न्यायालय पूर्व में भी दो बार दखल-दिहानी का आदेश दे चुका है, लेकिन विरोध के कारण दोनों बार प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
शुक्रवार को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था विरोध बढ़ने पर प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए वज्र वाहन भी मौके पर तैनात कर दिया। पुलिस बल भीड़ पर नजर रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में इलाके में निगरानी बढ़ा दी गयी. फिलहाल दखल-दिहानी की कार्रवाई को लेकर विवाद बना हुआ है.
