दो युवकों की मौत पर फूटा गुस्सा, तीन घंटे घाघरा-नेतरहाट मुख्य पथ जाम, बॉक्साइट ट्रकों पर कार्रवाई की मांग
गुमला के घाघरा में नवडीहा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. इसके विरोध में बुधवार को गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने घाघरा-नेतरहाट-रांची मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सुबह 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक जाम लगा रहा. इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई.
ग्रामीणों ने हादसे के लिए बॉक्साइट ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने संबंधित ट्रकों पर कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में बॉक्साइट ट्रक तेज गति से चलते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. उन्होंने ट्रकों की नियमित जांच करने और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
सीओ के आश्वासन पर जाम हटा
सड़क जाम की सूचना पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह और अंचलाधिकारी सुशील कुमार खाखा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों को समझाया. सीओ ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने दोपहर करीब तीन बजे जाम हटा लिया और सड़क पर आवागमन शुरू हो गया.\
लगातार दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश
गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे नवडीहा पेट्रोल पंप के पास अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार राज लोहरा और दुर्गेश ठाकुर की मौत हो गई थी. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
