गुमला

गुमला के घाघरा में ट्रक से टकराई स्कूटी, युवक की मौत, दूसरा गंभीर

गुमला के घाघरा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान चाईबासा जिले के पंडरा शाली निवासी करीब 22 वर्षीय श्याम पूर्ति के रूप में हुई है.

वहीं, उसका दोस्त विकास पूर्ति गंभीर रूप से घायल है. जानकारी के अनुसार, श्याम पूर्ति अपने गांव से रांची आया था. इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ नेतरहाट घूमने निकला था. तीन युवक दो मोटरसाइकिलों से जा रहे थे. इसी दौरान घाघरा-पुटो रोड से मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही बिशुनपुर की ओर से आ रहे बॉक्साइट लदे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही विकास पूर्ति सड़क पर गिर गया, जबकि श्याम पूर्ति स्कूटी समेत ट्रक में फंस गया. ट्रक उसे करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

स्कूटी ट्रक में फंसी रही और चालक करीब तीन किलोमीटर दूर नवडीहा के पास पहुंचने के बाद ट्रक छोड़कर फरार हो गया. घायल विकास ने बताया कि उनके साथ एक अन्य दोस्त भी मोटरसाइकिल से अकेले जा रहा था, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने बॉक्साइट लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया है. मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. वहीं, घायल विकास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *