वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख से ज्यादा वसूले, आरोपी गिरफ्तार
गुमला में युवती से दोस्ती कर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15.17 लाख रुपये वसूलने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने प्रभास्कर कुजूर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है. शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में जब युवती 17 वर्ष की थी, तब उसकी आरोपी से पहचान हुई थी. इसके बाद आरोपी ने मोबाइल नंबर लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क बढ़ाया.
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगता था. अलग-अलग माध्यमों से करीब 15.17 लाख रुपये लेने की बात शिकायत में कही गई है. बैंक खाते से लेन-देन का भी उल्लेख है. शिकायत के मुताबिक, आरोपी युवती को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता था और वीडियो भी बना लिया था.
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा संबंध बनाने का दबाव डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. डिजिटल साक्ष्य, बैंक लेन-देन और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा है कि शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
