चैनपुर के निजी अस्पताल में छापेमारी, अवैध गर्भपात की आशंका
गुमला जिले के चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप संचालित एक निजी अस्पताल में पुलिस ने गुरुवार की देर रात छापेमारी कर कथित रूप से अवैध गर्भपात किए जाने के मामले का खुलासा किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रुति अग्रवाल के निर्देश पर अस्पताल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है.
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रात करीब 9.00 बजे पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. वहां मौजूद 21 वर्षीय युवती से पूछताछ की गयी. जिसमें उसने प्रारंभिक तौर पर अस्पताल में गर्भपात कराए जाने की बात कही. इसके बाद पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की और संचालक ओमप्रकाश सिंह को आवश्यक कागजात (रजिस्ट्रेशन व डिग्री) के साथ थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया. हालांकि निर्धारित समय तक उनके उपस्थित नहीं होने पर संदेह और गहरा गया है.
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि अस्पताल में किसी अधिकृत एमबीबीएस डॉक्टर या स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित उपलब्धता संदिग्ध है. यदि इसकी पुष्टि होती है, तो यह स्वास्थ्य नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जायेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. वहीं युवती को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया. लेकिन उसने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया. उसका कहना है कि वह बालिग है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी. ताकि तथ्य सामने आ सकें और किसी के साथ अन्याय न हो.
