एक्शन में चैनपुर बीडीओ, फील्ड से लेकर निर्वाचन कोषांग तक सक्रिय
चैनपुर के पूरे क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री यादव बैठा स्वयं फील्ड विजिट कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया. साथ ही निर्वाचन कोषांग में बैठ कर के सभी बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ और सुपरवाइजर को सौंपे गए कार्यों की बिंदुवार प्रगति की जांच की और गणना प्रपत्रों के संधारण, घर-घर सत्यापन की प्रगति और आवश्यक दस्तावेजों के मिलान की गहनता से मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने देर शाम तक खुद निर्वाचन कोषांग में बैठकर जमा किए फॉर्म को ऑपरेटरों से एंट्री भी करवाया.
साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर को दो टूक शब्दों में कहा कि निर्वाचन कार्य देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी बीएलओ को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत घरों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है. बैठक में मुख्य रूप से प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण की प्रगति सुधारने पर बल दिया गया.
