चैनपुर में नशा मुक्ति को लेकर नुक्कड़ सभा, डीडीसी अनिमेष रंजन ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
चैनपुर (गुमला): प्रखंड परिसर में बुधवार को एक भव्य नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम झारखंड राज्य युवा आयोग, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में तथा प्रज्ज्वलित विहार के सहयोग से “नशा मुक्त समाज” विषय पर आयोजित हुआ. कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में गुमला के डीडीसी अनिमेष रंजन उपस्थित रहे, जिन्होंने वहां उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई. उन्होंने सभी से जीवन में कभी भी नशे को न अपनाने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प कराया. नुक्कड़ सभा और नाटकों से दिया संदेश कार्यक्रम के तहत आयोजित नुक्कड़ सभा में कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया.
प्रभावशाली नाटकों और प्रेरक गीतों के माध्यम से लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी गई. कलाकारों ने संदेश दिया कि नशे की लत न केवल किसी एक व्यक्ति को बर्बाद करती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देती है. उन्होंने युवाओं से खास तौर पर अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं. संकल्प से ही संभव है नशा मुक्त समाज: आर.आर. मेहता मौके पर मौजूद सचिव आर.आर. मेहता ने संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जन-भागीदारी से ही संभव है. जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर युवा वर्ग, स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेगा और दूसरों को जागरूक करेगा, तभी यह अभियान सफल होगा. उन्होंने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों के भीतर चेतना विकसित करना है.
इन कलाकारों ने बांधा समां
नुक्कड़ सभा में अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से लोगों को भावुक और जागरूक करने वाले कलाकारों में मुख्य रूप से शामिल थे- कांति केरकेट्टा,सिप्रियन एक्का,अनिमा कच्छप,जेम्मा खलखो,लकड़ा रुसवा उरांव,नागी उरांव इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रखंड के तमाम प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व युवा उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में चैनपुर को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया.
