गुमला

जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर तैयारी तेज, रूट और सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति 

गुमला में बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ सुरेश प्रसाद ने की. इसमें थाना प्रभारी दिनेश कुमार, अंजुमन के सदर मो मुशाहिद आजमी व सचिव मो मकसूद आलम समेत शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे. अंजुमन के सदर ने बताया कि जुलूस सुबह नौ बजे बाजार टांड़ से निकलेगा. जुलूस बाजार टांड़ से सिसई रोड स्थित संत इग्नासियुस स्कूल तक जायेगा. वापसी में टावर चौक, मेन रोड, पटेल चौक, लोहरदगा रोड व थाना चौक होते हुए जामा मस्जिद के पास पहुंचकर जुलूस समाप्त होगा. उन्होंने जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल, फर्स्ट एड और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की.

एसडीपीओ सुरेश प्रसाद ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी अनुशासन और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है. सभी लोग शांतिपूर्ण व अनुशासित तरीके से जुलूस में शामिल हो. उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद की जीवनी और उनके संदेशों को जीवन में आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए. बैठक में सामने आए सभी बिंदुओं की कार्यवाही तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जायेगी. लोग किसी भी अफवाह से बचे. रूट प्लान के तहत नो एंट्री लगाया जायेगा. बड़े वाहनों का प्रवेश 9 से डेढ़ बजे दोपहर तक बंद रहेगा. थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखें. जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाला जाये तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें.

उन्होंने सभी समुदाय के लोगों से मिल-जुलकर पर्व मनाने और गुमला की आपसी एकता व भाईचारे की परंपरा को मजबूत करने की अपील की. बैठक में आशिक अंसारी, मो. फिरोज, दामोदर कसेरा, यशवंत कुमार, सुरेश सिंह, अकील रहमान, राजेंद्र गुप्ता, दीपनारायण उरांव, दिनेश अग्रवाल, निर्मल गोयल, मो. नईम, प्रेम एक्का, मो. अफसर कल्लू, मो. सरवर, शहजाद आलम व सुधीर नेमस कुजूर समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *