गुमला

खस्सी चोरी में दो युवकों को नामजद करने पर बवाल, थाना पहुंचे ग्रामीण

गुमला सदर थाना क्षेत्र के नावाटोली आम्बाबगीचा गांव में खस्सी चोरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गुरुवार को गांव में बैठक हुई. इसमें मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य और कई ग्रामीण शामिल हुए. लोगों का कहना था कि दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराने से पहले ठोस सबूतों की जांच होनी चाहिए थी. ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की. उनका कहना है कि अगर युवक निर्दोष हैं, तो उनके नाम मामले से हटाए जाएं. बैठक के बाद ग्रामीण इस मांग को लेकर थाना भी पहुंचे.

बैठक में ग्रामीणों ने मांगा सबूत

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि दोनों युवकों पर लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत सामने आने चाहिए. ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोप लगाने वाला पक्ष कोई पुख्ता सबूत या गवाह नहीं दिखा सका. उनका कहना था कि केवल सड़क से गुजरने या किसी जगह आने-जाने के आधार पर किसी को चोरी का आरोपी बनाना उचित नहीं है. इस मामले को लेकर मुखिया ने थाना प्रभारी से बात कर ग्रामीणों की आपत्ति और पूरे मामले की जानकारी दी. थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने आगे की रणनीति पर चर्चा की.

4-5 टेंपो में सवार होकर थाना पहुंचे ग्रामीण

शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण चार से पांच टेंपो में सवार होकर गुमला थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने पुलिस को गुरुवार को गांव में हुई बैठक और उसमें लिए गए फैसलों की जानकारी दी. उन्होंने खस्सी चोरी के मामले में नामजद किए गए दोनों युवकों का नाम प्राथमिकी से हटाने की मांग रखी. ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से करे और किसी के खिलाफ कार्रवाई से पहले आरोपों की पुष्टि जरूरी है. उन्होंने कहा कि जांच सबूत और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि अगर दोनों युवक निर्दोष हैं तो उन्हें बेवजह परेशानी न उठानी पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *