गुमला में बारिश का कहर: कच्चा घर पड़ोसी के मकान पर गिरा, 5 लोग घायल, दो बच्चे मलबे से सुरक्षित निकले
तेज बारिश और हवा के बीच शनिवार अहले सुबह करीब पांच बजे गुमला के घाघरा प्रखंड के बेलगड़ा पंचायत के गोबा गांव में रफीक खान का कच्चा घर अचानक भरभराकर पड़ोसी जिय़ाउल खान के घर पर गिर गया. इससे जिय़ाउल का घर भी धराशायी हो गया. हादसे के समय घर के परिवार के पांच सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे. मलबे में दबने से कुछ देर तक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा.
मलबे में दबे दो वर्षीय सुल्फान खान और तीन वर्षीया मुस्कान खान को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में जिय़ाउल खान के बेटे साहिल खान का हाथ टूट गया, जबकि बेटी सुहाना परवीन की कमर की हड्डी खिसक गई, जिय़ाउल खान, फुरकाना खान और उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं.
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बचायी जान
हादसे की आवाज और परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तसलीम खान, अरशद खान, आतिम खान, मुनिफ खान समेत अन्य ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाना शुरू किया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता से सभी को समय रहते मलबे से निकाल लिया गया.
विधायक प्रतिनिधि ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा के प्रतिनिधि बब्लू खान मौके पर पहुंचे. उन्होंने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया और इलाज में आर्थिक सहयोग भी किया. उन्होंने घाघरा सीओ को फोन कर घटना की जानकारी देते हुए प्रशासनिक मदद की मांग की, हालांकि, उनके अनुसार सीओ ने फोन रिसीव नहीं किया.
हादसे के बाद जिय़ाउल खान के परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है. मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले जिय़ाउल ने बताया कि दो वक्त की रोटी जुटाना पहले से ही चुनौती है. अचानक घर गिर जाने से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है.
