Video : SIR कार्य में सुस्ती पर गुमला एसडीओ नाराज, पर्यवेक्षकों को लगाई कड़ी फटकार
चैनपुर (गुमला): मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत हो रहे कार्यों की प्रगति से असंतुष्ट होकर रविवार को गुमला एसडीओ अखिलेश कुमार ने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान गणना प्रपत्र का वितरण तथा उसकी डिजिटलाइजेशन करने की प्रगति काफी धीमी पाया गया. जिसके कारण अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पर्यवेक्षकों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया तथा प्रखंड में कार्यरत सभी कर्मियों को S.I.R के कार्य में लगाने के लिए निर्देशित किया गया.
चुनाव संबंधी और प्रशासनिक कार्यों के प्रति इस ढुलमुल रवैये को देखकर गुमला SDO ने गहरी नाराजगी व्यक्त की. मौके पर उपस्थित सभी पर्यवेक्षकों (Supervisors) को कार्य में लापरवाही बरतने के लिए एसडीओ ने सीधे तौर पर कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश जारी करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग का SIR कार्य बेहद संवेदनशील और समयबद्ध (Time-bound) है. इसमें किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एसडीओ ने सभी पर्यवेक्षकों को कड़ा निर्देश दिया कि वे प्रतिनियुक्त Volunteer से आपसी समन्वय बनाकर कार्य की गति बढ़ाएं और लंबित डाटा एंट्री व मतदाता पुनरीक्षण के लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करें.
