गुमला

घाघरा के दरोगा पर मारपीट करने का आरोप

गुमला स्थित घाघरा थाना के महुगांव ग्राम निवासी पंचम उरांव ने घाघरा थाना में पदस्थापित एएसआइ मृत्युंजय के खिलाफ एससी एसटी थाना में मारपीट व जाति सूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा है. अपने आवेदन में पंचम ने कहा है कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 1.30 बजे घाघरा थाना से मृत्युंजय अपने दो सहयोगी के साथ महुगांव गांव पहुंचे और गांव में चबूतरा के पास पंचम का नाम पूछा. पंचम ने अपना नाम बताया. पंचम के नाम बताते ही मृत्युंजय ने पंचम को मारपीट करना शुरू कर दिया और गालियां देने लगे. साथ ही जाति सूचक गालियां भी देते हुए कहा कि तुम्हारा चर्बी बढ़ गया है. थाना ले जाकर एक दिन में सारा चर्बी उतार देंगे.

पंचम ने आवेदन में यह भी बताया कि जिस समय एएसआइ मारपीट कर रहा था. उस समय गांव के कई लोग मौजूद थे. सबके सामने लात घुसा से मारपीट किया. साथ ही बाल पकड़कर घसीटते हुए बोलेरो में बैठाया और थाना ले आया. थाना लाने के दौरान भी मारपीट की. गांव के एक और युवक वीरू उरांव को साथ में थाना लाया. शाम में जब ग्रामीण थाना पहुंचे तब पंचम को छोड़ा गया. जिसके बाद पंचम ने शनिवार को गुमला एससी-एसटी थाना में पहुंचकर मृत्युंजय के खिलाफ आवेदन दिया है.


दरोगा ने क्या कहा

एएसआइ मृत्युंजय से पूछने पर उन्होंने कहा गांव के एक व्यक्ति द्वारा जमीन पर घर नहीं बनाने देने का आवेदन दिया गया था. जिसके आलोक में उससे पूछताछ के लिए थाना लाया गया. जिससे उसे बुरा लगा और उसने यह आरोप लगाया है. पंचम के साथ किसी भी तरह का मारपीट नहीं किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *