सिसई रोड पर बेलगाम बोलेरो का तांडव, एक की मौत, तीन घायल
गुमला शहर के सिसई रोड में बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने कुछ ही दूरी पर दो सड़क हादसे कर दिए. पहले हादसे में बाइक सवार हेसागुटु, सिसई निवासी महेश महतो की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो ने पहले बाइक सवार दोनों युवकों को टक्कर मारी. हादसे के बाद चालक रुका नहीं और तेज रफ्तार में भागने लगा. इसी दौरान मदरसा के पास बोलेरो ने एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
स्कूटी पर सवार दोनों भाई पानी लेकर लौट रहे थे. हादसे में लोहरदगा रोड निवासी आदित्य प्रकाश के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है. वहीं, चेटर निवासी नैतिक का पैर टूट गया है. हादसे के बाद दोनों को तत्काल सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
लोगों ने किया पीछा, पालकोट रोड की ओर भागा गाड़ी सवार
हादसे के बाद बोलेरो चालक ने रुकने के बजाय शहर में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक पालकोट रोड की ओर भाग निकला. देर रात तक पुलिस को बोलेरो या उसके चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. उधर, हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में घायलों के परिजन और स्थानीय लोग पहुंचने लगे. एक ही वाहन से लगातार दो जगह हादसे होने के कारण लोगों में भी इसकी चर्चा रही. पुलिस अब घटनास्थल और आसपास की जानकारी जुटाकर बोलेरो की पहचान करने में लगी है.
