गुमला

पालकोट : आमने-सामने टकराई स्कूटी-कार, BSF जवान की मौत

गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के सेमरा जंगल स्थित मरदा नदी के समीप बुधवार दोपहर एक तेज सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला और एक वर्षीय बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल लाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है.

मृतक की पहचान भादो केरकेट्टा के रूप में हुई है. वह बीएसएफ का जवान था और हाल ही में एसआईआर के काम को लेकर छुट्टी में घर आया था. हादसे में उनकी पत्नी और बाघ पंचा की आंगनबाड़ी सेविका उर्मिला केरकेट्टा भी घायल हुई हैं. वहीं मारुति ऑल्टो कार में सवार हर्रा, बसिया निवासी लक्ष्मण उरांव, उनकी पत्नी रेणु उरांव और उनकी एक वर्षीय बेटी जयरीना उरांव भी घायल हुई हैं.

बताया गया कि लक्ष्मण उरांव अपने परिवार के साथ मारुति ऑल्टो-800 कार से बसिया से गुमला के अरमई की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सेमरा जंगल में मरदा नदी के समीप सामने से आ रही स्कूटी से कार की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को क्षति पहुंची और स्कूटी सवार भादो केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी एवं कार को जब्त कर लिया. पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *