गुमला

काम नहीं करने वाले थानेदारों को अंतिम चेतावनी दी गयी

गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां की अध्यक्षता में थानावार अपराध की समीक्षा बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार चंदाली में हुई. बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. अपराध गोष्ठी प्रारंभ करने से पहले उच्च न्यायालय द्वारा पोक्सो, एनडीपीएस एवं  अन्य विषयों पर पारित आदेश के संबंध में जानकारी दी गयी एवं अनुपालन हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये. तत्पश्चात् पुलिस अधीक्षक द्वारा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी.

आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. एसपी ने कहा है कि लूट, डकैती, गृहभेदन से संबंधित कांडों की समीक्षा की गयी. अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के लिए थानेदारों को कहा गया है. शीर्षवार लंबित, स्थायी वारंट, कुर्की, इस्तेहार का निष्पादन करने का कड़ा निर्देश दिया गया है. सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्रवाई की समीक्षा की गयी. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभियान चलाने के लिए कहा गया है. डायल 112 से संबंधित कार्रवाई के संबंध में समीक्षा की गयी. जेल से छूटे अपराधकर्मियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा है कि ऐसे लोगों पर नजर रखें. डायन प्रथा, मानव तस्करी, पलायन एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम हेतु आमजनों के बीच जागरूकता अभियान चलाये.

सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना को कम करने के उद्देश्य से बिना हेलमेट के, शराब का सेवन कर, तेजी, लापरवाही से वाहन नहीं चलाने, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही करने तथा नशीली मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चलाने के संबंध में निर्देश दिया गया. क्षेत्र में नक्सल व अपराधियों के विरूद्ध आसूचना संकलन करने तथा अवैध खनन की रोक थाम हेतु विस्तृत चर्चा की गयी एवं आवश्यक निर्देश दिये गये. अपने-अपने क्षेत्र में स्थान एवं समय बदल-बदल कर एंटी क्राइम वाहन चेकिंग चलाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये. विगत माह में जिन-जिन थाना प्रभारी व पदाधिकारियों का प्रदर्शन औसत से कम रहा. उन्हें भविष्य के लिए चेतावनी दी गयी. वहीं जिनका प्रदर्शन अच्छा रहा उन्हें प्रोत्साहित किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *