गुमला में खिलाड़ियों के भोजन की जांच, रसोईघर भी खंगाला
गुमला जिले में लोगों को साफ, शुद्ध और मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में औचक छापेमारी और जांच अभियान चलाया. यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी डॉ. धनुर्जय सुम्ब्रई के मार्गदर्शन में की गई. जांच टीम का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज ने किया. इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मिलावट की जांच की गई.
जांच के दौरान टीम परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम स्थित खेल छात्रावास पहुंची. यहां अधिकारियों ने खिलाड़ियों के लिए तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की. साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था का भी जायजा लिया. टीम ने यह देखा कि खिलाड़ियों को दिया जाने वाला खाना साफ-सुथरा और सुरक्षित है या नहीं.
रसोई के निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया. जांच अधिकारियों ने रसोई कर्मियों (कुक एवं स्टाफ) के लिए एप्रन, ग्लव्स (दस्ताने) और हेड कैप पहनने की अनिवार्यता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि खाना बनाते और परोसते समय पूरी स्वच्छता बरती जा सके. साथ ही, छात्रावास के मेनू चार्ट के अनुसार खिलाड़ियों को निर्धारित पौष्टिक आहार (जैसे फल, दूध, अंडा, दाल, पनीर व हरी सब्जियां) समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खेल छात्रावासों और जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक खान-पान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की औचक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी.
