गुमला

गुमला में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

नशे के कारोबार और सेवन के खिलाफ गुमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में गुमला थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ की खरीद-बिक्री और सेवन के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक 21 वर्षीय निखिल लकड़ा निवासी पुग्गू चंपानगर का है. इस संबंध में थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामले को लेकर गुमला थाना कांड संख्या 318/26, दिनांक 18 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21बी /22 बी /29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

पुलिस के अनुसार निखिल लकड़ा को ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ की खरीद-बिक्री एवं सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी तक नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा तथा इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता है या नहीं. पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने वाले लोग कौन हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा है.

थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा. नशे का कारोबार करने वालों और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *