राजनीति

गुमला : JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में JLKM का महाधरना, देखें Video

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के निर्देश पर मंगलवार को राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत गुमला में झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में महाधरना आयोजित किया गया. जिला मुख्यालय स्थित कचहरी परिसर के हड़ताली वृक्ष के नीचे आयोजित धरना में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए. जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर ने आरोप लगाया है कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं हो रही हैं. जिससे राज्य के लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की.

महाधरना के माध्यम से पार्टी ने प्रमुख मांगें रखीं. इनमें झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित कथित विवादित परीक्षाओं को रद्द कर प्रवर्तन निदेशालय से समयबद्ध जांच कराने, लंबित सभी भर्ती परीक्षाओं की अधिसूचना जारी कर निर्धारित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार उन्हें पूरा करने, दोनों आयोगों में व्यापक सुधार कर अध्यक्ष, सदस्यों एवं दोषी अधिकारियों को पद से हटाने तथा परीक्षाओं के संचालन के लिए कदाचारमुक्त एजेंसियों का चयन करने की मांग शामिल है. साथ ही चेतावनी दी गयी कि यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो मुख्यमंत्री छात्रों के हित में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें.

महाधरना में युवा मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सन्नी संदीप तिग्गा, पश्चिमी दक्षिणी छोटानागपुर के अध्यक्ष कृष्णा चीक बड़ाइक, जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर, जिला वरीय उपाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह एवं सिलास बड़ा, जिला महासचिव सलिंद्र उरांव, सुप्रदीप कुमार साहू, विनय कुमार साहू उर्फ बंटी, जिला पदाधिकारी अनिल साहू एवं मन्ना साय, बसिया विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी यशोदा देवी, रायडीह प्रखंड अध्यक्ष सोमेश्वर भगत, पालकोट प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार महतो, बिशुनपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण उरांव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *