बोले अनिमेष रंजन- स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी
गुमला शहर में नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर परिषद गुमला द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गयी. स्वच्छता रैली में नगर परिषद के उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षदगण, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मी, सफाई मित्र, चेंबर ऑफ कॉमर्स, बस एसोसिएशन, लॉटरी क्लब, अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधियों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया. रैली के समापन के पश्चात नगर भवन गुमला में कार्यक्रम हुआ.
मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त गुमला अनिमेष रंजन रहे. उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलायी. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है.
उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करने तथा दैनिक जीवन में कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का उपयोग करने की अपील की. मौके पर नप उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार, वार्ड पार्षद शैल मिश्रा, हेमलता देवी, मोसर्रत परवीन, संगियश तिर्की, नूतन रानी, केके मिश्रा, जयराम इंदवार, प्रवीण टोप्पो, लखन राम, जसवंत कौर सहित अन्य मौजूद थे.
