गुमला

ईरान-अमेरिका तनाव का असर गुमला तक, रसोई गैस की किल्लत से लोग परेशान

रसोई गैस की किल्लत से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा. दो दिनों तक लंबी कतार में खड़े रहने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने पालकोट रोड को जाम कर दिया, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई. घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब सरना टोली इलाके में गैस वितरण नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने वार्ड नंबर 5 के पार्षद मनीष हिंदुस्तान के नेतृत्व में पेट्रोल पंप के पास सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर चक्का जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

दो दिन से लाइन, फिर भी खाली हाथ

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले दो दिनों से सुबह-सुबह सरना टोली स्थित मंदिर के पास गैस लेने के लिए लाइन में लग रहे थे. घंटों इंतजार के बाद भी वितरण नहीं हुआ. बुधवार को भी सुबह 9 बजे तक जब गैस नहीं मिली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया.

एजेंसी का जवाब सुन भड़का गुस्सा

जब उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी संचालक से संपर्क किया, तो बताया गया कि “आज सिलेंडर आया ही नहीं है, इसलिए वितरण संभव नहीं है. यही बात लोगों के गुस्से का कारण बन गई और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध शुरू कर दिया. जाम के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, सरकारी व निजी दफ्तरों में जाने वाले कर्मचारियों को हुई. कई लोग वैकल्पिक रास्तों से निकलने को मजबूर हुए.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. काफी समझाइश और बातचीत के बाद लोगों को शांत कराया गया और जाम हटवाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका.

आपूर्ति प्रभावित होने का दावा

इधर गैस एजेंसी संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर ईरान-अमेरिका तनाव के कारण देशभर में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही सिलेंडर उपलब्ध होंगे, तुरंत होम डिलीवरी के जरिए वितरण शुरू कर दिया जाएगा. आखिर आम लोगों को बुनियादी जरूरतों के लिए कब तक इस तरह सड़क पर उतरना पड़ेगा. गैस संकट ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *