कोरई गैंग पर गुमला पुलिस का करारा वार, 11 अपराधी गिरफ्तार, 12 लाख की लूट कांड का भी खुलासा
गुमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय कोरई गैंग के 11 अपराधियों को गिरफ्तार कर 12 लाख रुपये के आभूषण लूट कांड समेत कई मामलों का उद्भेदन करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. आशय की जानकारी एसपी हारिश बिन जमां ने रविवार को चंदाली स्थित एसपी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर अपराधियों की गिरफ्तारी और बड़ी बरामदगी की जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आठ अगस्त को पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबिरा रोड स्थित सुमित केसरी के ईंट भट्ठा के सामने पहाड़ पर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे छह-सात संदिग्धों की सूचना पर एसआईटी गठित की गयी.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर अवैध हथियार और गोलियों के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पालकोट थाना कांड संख्या 35/26 में दो तथा घाघरा थाना कांड संख्या 39/26 में दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी. जांच में सभी का संबंध ओडिशा के जाजपुर जिले से संचालित अंतर्राज्यीय कोरई गैंग से होने की बात सामने आयी है. पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने विभिन्न राज्यों में चोरी, छिनतई और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिये एसआईटी विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही है.
बरामदगी : गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 69.9 ग्राम सोना, 1.340 किलोग्राम चांदी, एक लाख 70 हजार रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, विभिन्न बोर की 11 गोलियां, सात मोबाइल फोन तथा डिक्की एवं अन्य लॉक तोड़ने के लिये इस्तेमाल होने वाली दो मास्टर चाबी की बरामदगी पुलिस ने की है.
गिरफ्तार अभियुक्त : आर अर्जुन उर्फ अवला अर्जुन (40), अक्षय कबाड़ी (25), येशु दास (25), किशुन दास (27), अवला शेखर (35), अर्जुन दास (29), माइकेल सावन (30), मनोज दास (26), भोला दात्त (20), करण नेताम (28) और मेकला येशु (29) के नाम शामिल हैं.
छापेमारी दल : एसडीपीओ श्रुति, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, एसडीपीओ शिवशंकर मरांडी, पुलिस अंचल निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अंचल निरीक्षक गुलशन भेंगरा, थाना प्रभारी अंकित राज, थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, एसआईटी टीम एवं तकनीकी शाखा के सभी सदस्य शामिल थे.
