मोबाइल चोरी के शक में युवक को पकड़ा, पोल से बांधकर जमकर पिटाई
गुमला शहर के हरिओम कॉलोनी में मंगलवार की सुबह मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने युवक को बिजली के पोल से रस्सी के सहारे बांधकर उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. लेकिन काफी देर तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थिति बिगड़ने की आशंका बनी रही. स्थानीय लोगों के अनुसार, बिंदु देवी के घर से मोबाइल चोरी कर एक युवक भाग रहा था. लोगों ने पीछा कर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. पकड़े गये युवक ने लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि उससे पहली बार ऐसी गलती हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में मोबाइल चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं. आरोप है कि कुछ लोग किसी न किसी बहाने घरों में प्रवेश करते हैं और मौका मिलते ही चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. बंद घरों को भी निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी किये जाने की शिकायत लोगों ने की. लोगों ने बताया कि युवक को पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गयी थी. लेकिन कई घंटे बाद भी पुलिस के नहीं पहुंचने पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. बाद में स्थानीय लोगों ने युवक को छोड़ दिया.
लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच जाती तो युवक के साथ मारपीट की स्थिति नहीं बनती और किसी बड़ी घटना को भी टाला जा सकता था. पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है.
