बोले गुमला उपायुक्त- कारोबार शुरू करने का सुनहरा मौका, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा भारतीय वाणिज्य मंडल के सहयोग से नगर भवन गुमला में मंगलवार को उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो व नगर परिषद के उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम में गुमला एवं आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक नये एवं वर्तमान उद्यमियों ने भाग लिया.
मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं एवं अन्य इच्छुक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है. उद्यमियों को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाना चाहिये. उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद प्रक्रिया से स्थानीय उद्यमियों को जोड़ने से उनके व्यवसाय के विस्तार के साथ-साथ जिले में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. उन्होंने उद्यमियों से अपने उद्यम का विधिवत पंजीकरण कराने तथा उपलब्ध वित्तीय एवं तकनीकी सहायता का लाभ उठाने की अपील की.
वहीं कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति हब योजना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं सहित उद्यमियों के उद्यम पंजीकरण के महत्व व वर्तमान उद्यमियों को सरकारी संस्थानों में विक्रेता पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज, निविदा प्रक्रिया, सरकारी ई-बाजार के माध्यम से खरीद, ऋण सुविधा व अन्य वित्तीय सहायता के संबंध में जानकारी दी गयी. साथ ही सार्वजनिक खरीद नीति के प्रावधानों से अवगत कराया गया. इसके अतिरिक्त उद्यमियों को विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बैंकिंग संस्थानों, जिला उद्योग केंद्र, सरकारी ई-बाजार एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा उद्यमियों को विक्रेता सूचीबद्धता, खरीद प्रक्रिया, वित्तीय सहायता एवं अन्य संबंधित विषयों पर जानकारी दी गयी.
कार्यक्रम में भारतीय वाणिज्य मंडल के अध्यक्ष सुबीर पॉल, महासचिव हेमा एक्का, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति हब, रांची तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे.
