गुमला

प्रधान सहायक की अनुपस्थिति पर भड़के सांसद सुखदेव भगत, कार्रवाई की अनुशंसा

लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मंगलवार को बसिया प्रखंड का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा की. दौरे के क्रम में उन्होंने सबसे पहले बन विश्रामागार, बसिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की. इसके बाद प्रखंड सभागार में स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश शुरू होने से पूर्व सभी लंबित आवास योजनाओं को पूर्ण कर लिया जाये. साथ ही प्राकृतिक आपदा से घर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की.

अंचल अधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों में आपदा राहत कोष से मुआवजा देने का प्रावधान है. सांसद ने एसबीआई कोनबीर शाखा की समीक्षा करते हुए बैंक अधिकारियों को गरीब एवं अशिक्षित ग्राहकों की सहायता सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया. वहीं मनरेगा की समीक्षा के दौरान प्रधान सहायक सदानंद बैठक से अनुपस्थित पाए गये. इस पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बताया. उन्होंने संबंधित कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए बैठक को स्थगित कर दिया. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रखंड उन्होंने पहले कभी नहीं देखा. इसके बाद सांसद ने रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय लकड़ा से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. अस्पताल में चिकित्सकों की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह करने की बात कही.

दौरे के अंत में सांसद ने दिवंगत कांग्रेस नेता गणेश महंती के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा युवा कांग्रेस नेता सुशील होता की माता एवं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गोकुल होता का कुशलक्षेम जाना. इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष विकास साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *