गुमला

दो बच्चों की मां के साथ शादीशुदा युवक फरार, बसिया से कोलेबिरा तक मच गई हलचल

बसिया थाना के ससिया गांव निवासी सावन भेंगरा ने कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बरसलोय जोन्हा टोली निवासी संजय डांग पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर काम दिलाने के बहाने बाहर ले जाने का आरोप लगाते हुए बसिया थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पत्नी की बरामदगी और आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में सावन भेंगरा ने बताया है कि उनकी शादी वर्ष 2009 में आनंदपुर थाना क्षेत्र के कुड़ुवा गांव निवासी लुसिया भेंगरा से हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. परिवार के भरण-पोषण के लिये वह जनवरी 2026 में काम करने गोवा चले गये थे.

इसी दौरान संजय डांग उनकी पत्नी के संपर्क में आया और कथित रूप से उसे काम दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाने लगा. सावन के अनुसार, तीन जुलाई 2026 को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी पत्नी कई दिनों से घर नहीं लौटी है. सूचना मिलने पर वह तत्काल गोवा से घर लौटा और अपने स्तर पर पत्नी की तलाश शुरू की. इसी बीच आठ जुलाई को संजय डांग की पत्नी उनके घर पहुंची और बताया कि उसका पति भी लापता है तथा वह सावन की पत्नी को काम दिलाने के बहाने कहीं लेकर गया है. उसने यह भी बताया कि उसके पति से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. इसके बाद सावन भेंगरा ने बसिया थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर पत्नी का पता लगाने तथा आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *