ऑनलाइन दोस्ती का दर्दनाक अंजाम, शादी का झांसा देकर गुमला की युवती से दुष्कर्म
गुमला की एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगायी है. शादी की बात कहने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़िता ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में युवती ने बताया है कि उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से घाघरा थाना क्षेत्र के बंधनु उरांव से हुई थी.
इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई. आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. पीड़िता का कहना है कि आरोपी कई बार उसके घर पहुंचा और परिवार के लोगों के घर पर नहीं रहने का फायदा उठाकर उसका यौन शोषण करता रहा.
शिकायत के अनुसार, आठ जुलाई 2026 को भी आरोपी उसके घर पहुंचा. उस समय परिवार के सदस्य खेत में काम करने गये थे. युवती ने जब शादी करने की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया. आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और खुद को प्रभावशाली बताते हुए शिकायत करने पर जान से मरवा देने की धमकी दी. पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
