शॉर्ट सर्किट से दुकान व मकान में लगी भीषण आग
गुमला के बसिया थाना क्षेत्र के ओकबा निवासी हीरालाल साहू के घर और दुकान में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गयी. इस अग्निकांड में पूरा घर जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है. घटना के संबंध में हीरालाल साहू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जब पूरा परिवार सोया हुआ था, उसी दौरान अचानक दुकान में आग लग गयी. जैसे-तैसे पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी. आग इतनी भयानक थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ राख हो गया. चीख-पुकार और शोर सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी.
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी के सहारे आग बुझाने का अथक प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. घटना की सूचना तुरंत बसिया थाना और अग्निशमन विभाग को दी गयी. पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गयी, लेकिन दमकल की गाड़ी पहुंचने में काफी देर हो चुकी थी, जिसके कारण नुकसान बढ़ गया.
पीड़ित हीरालाल साहू ने बताया कि इस अगलगी में उनका करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. कहा कि हादसे में 50×50 फीट का कच्चा मकान, राशन दुकान का करीब 10 से 12 लाख रुपये का सामान, टेंट हाउस का लगभग 12 से 15 लाख का सामान, करीब 10 लाख के जेवर, डेढ़ लाख रुपये नगद और घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है. आग की भयावहता के कारण घर की एक भी वस्तु को नहीं बचाया जा सका. घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी अनमोल तोपनो, राजकुमार सिंह, अनिल गुप्ता, मुकेश साहू, लखन सिंह और सीलु टोपनो ने घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
