चैनपुर में तेज रफ्तार का कहर! गुमटी से टकराई बाइक, दो दोस्तों की हालत गंभीर
चैनपुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम पीपल चौक के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल साइकिल से टकराकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गुमटी से जोरदार तरीके से टकरा गई. इस भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नील कुमार भगत अपने दोस्त सचिन कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर चैनपुर बस स्टैंड की ओर से ब्लॉक रोड की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान पीपल चौक के पास बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे चौक पर स्थित गुमटी से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गए.
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया गया. वहां सीएचओ ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन नील कुमार भगत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया गया.
वहीं दूसरे युवक सचिन कुमार को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. इस दुर्घटना में केवल बाइक सवार ही घायल नहीं हुए, बल्कि पीपल चौक पर स्थित सचिन नायक और जयकांत कुमार की गुमटियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई. दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने साथ पुलिस थाना ले गई.
