सुड़ी समाज ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, शिक्षा को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत
गुमला के बस पड़ाव स्थित सुड़ी धर्मशाला में सुड़ी समाज की ओर से मेधावी सम्मान समारोह सह वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू ने की. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि बच्चों की सफलता उनके माता-पिता के त्याग और मार्गदर्शन का परिणाम है. उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर मेहनत करने की अपील की. वहीं जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू ने कहा कि शिक्षा ही समाज और परिवार की उन्नति का सबसे मजबूत आधार है और प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिये. आमसभा में जिला सचिव प्रमोद कुमार साहू ने वर्षभर का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर भी चर्चा कर उसे मंजूरी दी गयी.
बैठक में नियमित रूप से शामिल नहीं होने वाले कुछ पदाधिकारियों के स्थान पर ऋतुराज को उपाध्यक्ष तथा उपेंद्र साहू एवं प्रभात साहू को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया. समारोह में इंटरमीडिएट के ओजस्विका लाल, साक्षी कुमारी, अपर्णा प्राची, समीक्षा साहू एवं दिव्या कुमारी चौधरी तथा मैट्रिक के श्रेयांश स्नेह, सागर कुमार, शुभम साहू, चंचल कुमारी, असराज साहू, सुमित कुमार चौधरी, अनूप कुमार साहू, प्रिंस कुमार साहू और दिव्यांश कुमार को सम्मानित किया गया. बैठक के अंत में लोंगा निवासी स्व कलेश्वर साहू सहित सड़क दुर्घटना में दिवंगत अन्य लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी.
कार्यक्रम में संरक्षक विनय कुमार लाल, बद्री कुमार गुलशन, रमेश लाल साहू, महाबीर साहू, मोहन साहू, पूर्व अध्यक्ष सूरज कुमार साहू, रविंद्र कुमार साहू, जिला सचिव प्रमोद कुमार साहू, कोषाध्यक्ष मिथलेश, महिला जिला अध्यक्ष खुशबू कुमार साहू, मुकेश कुमार प्रसाद, बद्री प्रसाद गुलशन, विनोद कुमार साहू, बसंत कुमार साहू, महावीर कुमार साहू, रितेश प्रसाद, मनीषा देवी, अवनी देवी, माही कुमारी, उमा देवी, पंकज साहू, ऋषभ साहू सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित थे.
