गुमला

Gumla : शादी समारोह में आयी नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म

Gumla : गुमला जिला के भरनो प्रखंड स्थित बांसटोली गांव में एक शादी समारोह के दौरान मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी है. यहां शादी समारोह में अपने रिश्तेदार के घर आयी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दो बालिग और तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी चाची के साथ शादी में शामिल होने आयी थी. मंगलवार रात वह अन्य लड़कियों के साथ डांस कर रही थी. जहां बगल के सरना टोली गांव के कुछ युवकों से उसका परिचय हुआ. रात करीब 9.00 बजे जब किशोरी शौच के लिये अकेले घर से बाहर निकली, तो पहले से घात लगाये बैठे युवकों ने उसे जबरन उठाकर पास के पतरा झाड़ियों में ले गये और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया.

देर रात आरोपी उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गये. घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनायी. जिसके बाद बुधवार की सुबह थाने में मामला दर्ज कराया गया. थानेदार संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर उसी रात सभी आरोपियों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में महावीर उरांव (19) और सुमित उरांव (18) शामिल हैं. जबकि तीन अन्य आरोपी नाबालिग 16-17 वर्ष के हैं. पुलिस ने गुरुवार को पीड़िता की मेडिकल जांच करायी और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी टीम में एसआइ मंटू चौधरी, एएसआइ निर्मल प्रसाद और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *