झारखंड में कब पहुंचेगा मॉनसून? कब से होगी झमाझम बारिश? मौसम विभाग ने बताया
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है. गर्मी से जूझ रहे राज्य के लोगों के लिए अच्छी खबर है. मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक मौसमी स्थितियों के अवलोकन से संभावना है कि अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून झारखंड में पहुंच जाएगा. 10 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए नजर आए और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिली. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

11 से 16 जून के बीच झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
11 से 16 जून के बीच झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. 10 से 12 जून तक धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ समेत कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं राज्य के शेष हिस्सों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 12 और 13 जून को दुमका, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, धनबाद, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
