व्यापारी को शादी का कार्ड खोलना पड़ा भारी, एक क्लिक में खाते से उड़ गये तीन लाख रुपये
गुमला शहर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां शादी का निमंत्रण भेजने के बहाने साइबर अपराधियों ने एक प्रसिद्ध व्यापारी के खाते से तीन लाख रुपये उड़ा लिये. पीड़ित ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, शहर के एसएस हाई रोड स्थित मनिहारी स्टोर संचालक ने पुलिस को बताया कि 25 जून को उनके मोबाइल पर एक परिचित व्यापारी के व्हाट्सऐप नंबर से शादी का कार्ड भेजा गया. कार्ड एपीके फाइल के रूप में था. दुकान में व्यस्त रहने के दौरान उन्होंने इसे सामान्य निमंत्रण समझकर खोल दिया. कार्ड खुलते ही कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 50-50 हजार रुपये की छह अलग-अलग किस्तों में कुल तीन लाख रुपये निकाल लिये गये. खाते से लगातार राशि कटने के संदेश मिलने पर उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने जिस व्यापारी के नंबर से कार्ड आया था. उनसे संपर्क किया. तब पता चला कि उस व्यापारी का व्हाट्सऐप अकाउंट पहले ही हैक हो चुका था और उसी हैक किये गये अकाउंट से फर्जी शादी का कार्ड भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा था.
पीड़ित व्यापारी ने अपने आवेदन में कहा है कि साइबर अपराधियों ने व्हाट्सऐप हैक कर भरोसे का फायदा उठाया और एपीके फाइल के जरिये उनके मोबाइल तक पहुंच बनाकर बैंक खाते से तीन लाख रुपये निकाल लिये. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी तथा राशि वापस दिलाने की मांग की है.
सचेत रहे
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि व्हाट्सऐप पर आने वाली एपीके फाइलें और संदिग्ध लिंक कितने खतरनाक हो सकते हैं. पुलिस भी सलाह देते हैं कि किसी परिचित के नंबर से भी यदि एपीके फाइल या संदिग्ध दस्तावेज आये तो उसे बिना पुष्टि किए कभी न खोलें.
