गुमला

संजीता गुमशुदगी कांड : भुखली को नार्को टेस्ट के लिए गुजरात ले जायेगी गुमला पुलिस

गुमला की संजीता कुमारी गुमशुदगी मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिख रही है. मुख्य आरोपी भुखली उरांव उर्फ भुखली लकड़ा के नार्को टेस्ट की अदालत से मंजूरी मिल चुकी है और अब गुमला पुलिस को सिर्फ गुजरात के गांधीनगर स्थित डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (डीएफएस) से तारीख का इंतजार है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही डीएफएस से सिग्नल मिलेगा. गुमला पुलिस आरोपी को लेकर गुजरात रवाना हो जायेगी. जानकारी के अनुसार, अदालत के आदेश की प्रति पहले ही डीएफएस को भेजी जा चुकी है. अब लैब की ओर से परीक्षण की तिथि तय होते ही पुलिस टीम सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर भुखली को गुजरात ले जायेगी. जांच एजेंसियां इस प्रक्रिया को मामले में अहम मोड़ मान रही हैं.

इससे पहले न्यायालय के निर्देश पर भुखली उरांव की सदर अस्पताल गुमला में मेडिकल जांच कराया गया. मेडिकल बोर्ड ने उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का परीक्षण किया था. रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने नार्को टेस्ट की अनुमति दी. इसके बाद पुलिस ने डीएफएस से संपर्क साधकर जल्द तारीख मिलने की कोशिश तेज कर दी है. यहां बता दें कि संजीता कुमारी के लापता होने का मामला पिछले सात वर्षों से जिले के सबसे चर्चित मामलों में शामिल रहा है. लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के बाद मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था. अदालत की सख्ती के बाद पुलिस ने जांच में तेजी लायी और हाल ही में मुख्य आरोपी भुखली उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. गिरफ्तारी के बाद ही नार्को टेस्ट की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ सकी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *