गुमला

छत्तरपुर में प्रशासन की बड़ी लापरवाही! फिर ढहा ऑस्कर टोप्पो के मकान का हिस्सा, मलबे के साये में जी रहा परिवार, Video

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर (गुमला): प्रखंड के बेंद्रोरा पंचायत अंतर्गत छत्तरपुर गांव से एक बेहद डरावनी और प्रशासनिक संवेदनहीनता की पराकाष्ठा सामने आई है. यहां कुछ दिन पहले भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए ग्रामीण ऑस्कर टोप्पो (पिता- स्वर्गीय पीयूष टोप्पो) के मिट्टी के मकान का बचा हुआ हिस्सा भी आज अचानक भरभरा कर जमींदोज हो गया. पीड़ित परिवार लगातार अंचल प्रशासन से तिरपाल और मुआवजे की गुहार लगा रहा था, लेकिन समय रहते कोई मदद नहीं मिली. नतीजा यह हुआ कि आज बचे हुए कमरे और दीवारें भी मलबे में तब्दील हो गईं. इस हादसे के बाद अब परिवार के पास सिर छुपाने की जगह भी नहीं बची है.

जान हथेली पर रखकर रहने को मजबूर थे, आज हुआ दूसरा हादसा

तस्वीर गवाही दे रही है कि घर का एक बड़ा हिस्सा पहले ही ढह चुका था और बची हुई दीवारें पूरी तरह फट चुकी थीं. आर्थिक तंगी के कारण ऑस्कर टोप्पो का 6 सदस्यीय परिवार इसी जानलेवा जर्जर मकान के भीतर रहने को विवश था. आज जब मकान का दूसरा हिस्सा गिरा, तो घर के अंदर मौजूद बच्चे और बड़े किसी तरह भागकर बाहर निकले. पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर प्रशासन ने पहले ही सुध लेकर उन्हें तिरपाल या कोई वैकल्पिक व्यवस्था दी होती, तो आज उन्हें इस तरह मलबे के बीच भीगना नहीं पड़ता.

प्रशासन मौन, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

कुछ दिन पहले हुई घटना के बाद भी अंचल प्रशासन द्वारा सुध न लिए जाने और आज दोबारा हुए इस हादसे से छत्तरपुर के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी या किसी की जान जाने का इंतजार कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *