गुमला

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, चैनपुर प्रखंड कार्यालय में चला वृहद स्वच्छता अभियान

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर (गुमला): आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में बुधवार को चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बीडीओ श्री यादव बैठा के नेतृत्व में एक विशेष और व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया.

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. बुधवार को प्रखंड परिसर के कोने-कोने को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई कार्य किया गया. इस दौरान परिसर में उगी झाड़ियों की छंटाई की गई, बिखरे कचरे का सुरक्षित निपटान किया गया और जलजमाव वाले स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर व कीटनाशकों का छिड़काव किया गया. प्रखंड मुख्यालय के मुख्य भवन, झंडोत्तोलन स्थल और आस-पास के रास्तों को दुरुस्त किया गया है ताकि राष्ट्रीय पर्व के दिन यहां आने वाले अतिथियों और आम नागरिकों को एक स्वच्छ और अनुशासित माहौल मिल सके.

बीडीओ ने लिया तैयारियों का जायजा

अभियान के दौरान बीडीओ श्री यादव बैठा ने स्वयं उपस्थित रहकर साफ-सफाई कार्यों की निगरानी की. उन्होंने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय गौरव के इस पर्व पर प्रखंड कार्यालय की गरिमा के अनुरूप ही सारी व्यवस्थाएं मुकम्मल होनी चाहिए. झंडोत्तोलन स्थल (समारोह स्थल) की साज-सज्जा, रंग-रोगन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *