पालकोट जेवर लूटकांड की जांच तेज, घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ, पूछताछ की
पालकोट बस पड़ाव स्थित बाजार के समीप मही ज्वेलर्स में हुई लूटकांड की जांच पुलिस ने तेज कर दी है. सोमवार को चैनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति व बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने राजमार्ग किनारे स्थित घटनास्थल का मुआयना करने के साथ आसपास के घरों के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की और घटना के समय की गतिविधियों की जानकारी जुटायी. जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार से गुजर रहे राहगीरों एवं स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग एकत्र करने का प्रयास किया.
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए हर पहलू की जांच की. अधिकारियों ने बताया कि मामले की विभिन्न बिंदुओं पर गहन पड़ताल की जा रही है और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है. इस दौरान पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लूटकांड के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और उम्मीद है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस की सक्रियता से स्थानीय लोगों में भी जल्द मामले के खुलासे की उम्मीद बढ़ी है.
