चार दिनों से लापता दो किशोरियों का सुराग नहीं, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
गुमला सदर थाना क्षेत्र के घटगांव पंचायत अंतर्गत टांगरटोली गांव की दो नाबालिग किशोरियां पिछले चार दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता हैं. लगातार तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है. परिवार वालों ने अब अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई और बच्चियों की सकुशल बरामदगी की मांग की है. लापता किशोरियों की पहचान आशिका केरकेट्टा (15 वर्ष) और रोशनी उरांव (15 वर्ष) के रूप में हुई है. इस संबंध में आशिका के पिता राजेश केरकेट्टा एवं रोशनी के पिता विनोद उरांव ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी दी है.
परिजनों के अनुसार 16 जून की सुबह दोनों बच्चियां घर से नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकली थीं. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. पहले आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां पता किया गया, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है.
स्वजनों का कहना है कि दोनों बच्चियों के पास कोई मोबाइल फोन भी नहीं था और न ही उन्होंने घर में किसी अन्य स्थान पर जाने की जानकारी दी थी. ऐसे में अचानक दोनों का एक साथ गायब हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है. परिजन किसी अनहोनी अथवा अपहरण की आशंका से डरे हुए हैं. जानकारी के मुताबिक आशिका केरकेट्टा स्थानीय लूथरान स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है, जबकि रोशनी उरांव ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी. दोनों एक-दूसरे की अच्छी सहेलियां बताई जाती हैं और अक्सर साथ रहती थीं.
इधर, मामले की सूचना मिलने के बाद गुमला थाना पुलिस ने आवेदन दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी. चार दिनों से दोनों किशोरियों के लापता रहने से टांगरटोली गांव में भी चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र बच्चियों की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है.
