खेल

गुमला में क्रिकेट को लेकर विवाद : एसपी के गार्ड पर तानी पिस्टल, तीन बार ट्रिगर दबाया, पुलिस जवान बचा

गुमला शहर के चेटर मैदान में शनिवार की शाम क्रिकेट मैच के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गयी. जब पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में तैनात गार्ड पर एक युवक ने पिस्टल तान दी और कथित तौर पर तीन बार ट्रिगर दबाकर गोली चलाने की कोशिश की. गनीमत रही कि पिस्टल से गोली नहीं चली. अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी के अनुसार, एसपी कार्यालय में कार्यरत पुलिस गार्ड बलजीत सिंह (27) शनिवार शाम करीब 6.15 बजे चेटर मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. मैच के दौरान विपक्षी टीम की ओर से अंपायरिंग कर रहे शिवा केरकेट्टा के साथ उनका मामूली विवाद हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में कहा, “हमको नहीं पहचानते हो” और देखते ही देखते कमर से पिस्टल निकाल ली. आरोप है कि शिवा केरकेट्टा ने बलजीत सिंह पर जानलेवा हमला करने की नीयत से पिस्टल तानकर लगातार तीन बार ट्रिगर दबाया. मैदान में मौजूद खिलाड़ी और दर्शक कुछ समझ पाते. इससे पहले ही अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि संयोग से पिस्टल से गोली नहीं चली और एसपी के गार्ड की जान बच गयी. घटना के तुरंत बाद खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया. धक्का देकर उसे जमीन पर गिराया गया और उसके हाथ से पिस्टल छीन ली गयी. बाद में आरोपी को पकड़कर गुमला थाना ले जाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पुलिस ने आरोपी शिवा केरकेट्टा निवासी चाहा चेटर को गिरफ्तार कर लिया है. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव व थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि उसके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं. दिनदहाड़े क्रिकेट मैदान में एसपी के गार्ड पर कथित फायरिंग की कोशिश की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *